मुंबई में तिहरी हत्या से मचा हड़कंप: दो परिवारों में खूनी झड़प, चाकू-कोयते से हमला, 3 की मौत, 4 घायल

  • Admin
  • मुंबई
  • May 18, 2025

मुंबई, संवाददाता:

मुंबई के दहिसर पश्चिम स्थित गणपत पाटिल नगर में रविवार शाम दो परिवारों के बीच हुए भीषण झगड़े ने तिहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। पुराने विवाद के चलते दो गुटों में हुई कहासुनी देखते ही देखते चाकू और कोयतों से खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।


मृतकों की पहचान हमीद शेख (49), रमणलाल गुप्ता (50) और अरविंद गुप्ता (23) के रूप में हुई है। सभी मृतक गणपत पाटिल नगर के ही निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही एम.एच.बी. पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, गणपत पाटिल नगर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले शेख और गुप्ता परिवारों के बीच पहले से ही विवाद चला आ रहा था। वर्ष 2022 में दोनों परिवारों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई थी, जिससे दोनों पक्षों में रंजिश थी।

रविवार को शाम करीब 4:30 बजे, नारियल विक्रेता राम नवल गुप्ता के स्टॉल के पास अमित शेख, जो शराब के नशे में था, से कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने बेटों को बुला लिया। फिर देखते ही देखते गुप्ता परिवार के अमर, अरविंद और अमित तथा शेख परिवार के हमीद, अरमान और हसन के बीच हाथापाई और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया।

इस झगड़े में राम नवल गुप्ता और अरविंद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर और अमित गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं दूसरी ओर, हमीद शेख की भी मौत हो गई, और उसके बेटे अरमान व हसन शेख को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस ने मृतकों के शवों को शताब्दी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मर्डर केस दर्ज किया जा रहा है। चूंकि कई आरोपी घायल हैं, उनकी गिरफ्तारी प्रक्रिया उपचार के बाद की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।