मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला
- Feb 04, 2026
एयर इंडिया–इंडिगो के विमानों के पंख टकराए
मुंबई।मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे( chhatrapati shivaji maharaj international airport) पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया ( Air India ) और इंडिगो ( indigo ) की दो यात्री विमानों के पंख टैक्सीवे पर आपस में टकरा गए। घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई भी यात्री या क्रू मेंबर घायल नहीं हुआ।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 (मुंबई–कोयंबटूर) टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर पुशबैक की प्रक्रिया में थी। उसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 (हैदराबाद–मुंबई) लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी। इसी बीच दोनों विमानों के विंगटिप (पंखों के सिरे) आपस में टकरा गए।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एयरलाइंस की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा कारणों से विमानों की आवाजाही रोकी गई और दोनों विमानों में सवार यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जा रही फ्लाइट AI 2732 को टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर एक अन्य एयरलाइन के विमान से संपर्क हो गया, जिससे विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा।एयरलाइन के अनुसार, विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और कहा है कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंडिगो का बयान
इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि 3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई आ रही फ्लाइट 6E 791 का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी के दौरान एक अन्य एयरलाइन के विमान के संपर्क में आया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान से उतार लिए गए हैं। विमान की आवश्यक मेंटेनेंस जांच की जा रही है।
नियमानुसार संबंधित प्राधिकरणों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इंडिगो में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।फिलहाल इस घटना की नियामक एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है। साथ ही मुंबई एयरपोर्ट पर टैक्सीवे संचालन और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।